अवैध रेत भंडारण पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा, 25 ट्रॉली रेत जब्त

मड़वास तहसील के निधिपुरी गांव में खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई, अवैध उत्खनन पर

0 190

 

सीधी | 03 जून 2026 | शाहिद खान

सीधी जिले में अवैध खनन और रेत भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मड़वास तहसील के ग्राम निधिपुरी में लगभग 25 ट्रॉली अवैध रेत जब्त की है। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में खनिज विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के दौरान ग्राम पंचायत धुम्माडोल के सरपंच, सचिव और ग्रामीणजन भी मौजूद रहे। अवैध रेत उत्खनन और भंडारण की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर संयुक्त दल ने निधिपुरी गांव के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान कई स्थानों पर लावारिस अवस्था में रेत का अवैध भंडारण मिला। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि निकट स्थित गोपद नदी घाट से अवैध रूप से रेत निकालकर आसपास के क्षेत्रों में उसका भंडारण किया गया था। पैमाइश में करीब 25 ट्रॉली रेत का अवैध भंडारण पाए जाने पर प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई की।

संयुक्त टीम ने जब्त रेत को हाइवा वाहन के माध्यम से अभिरक्षा में लिया। मामले में अवैध उत्खनन और भंडारण से जुड़े लोगों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम-2022 और मध्यप्रदेश खनिज रेत नियम-2019 के तहत प्रकरण तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और खनिज संपदा के अवैध दोहन में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment