मासिक क्राइम मीटिंग में एसपी सीधी के सख्त निर्देश, अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस

0 96

सीधी | 03 जून 2026

पुलिस अधीक्षक कार्यालय सीधी में बुधवार को पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के नेतृत्व में मासिक क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना तय की गई।

बैठक के दौरान एसपी ने जिले के अपराधों की त्रिवर्षीय तुलनात्मक समीक्षा करते हुए गंभीर अपराधों के त्वरित निराकरण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने थाना एवं चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस कार्रवाई परिणाममूलक और समयबद्ध होनी चाहिए।

महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और लंबित मामलों पर सख्ती

एसपी संतोष कोरी ने निर्देशित किया कि गुमशुदा और अपहृत बालक-बालिकाओं की शीघ्र तलाश कर सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की जाए। महिला संबंधी गंभीर अपराधों की विवेचना ITSSO पोर्टल के मानकों के अनुरूप करने और ICJS पोर्टल के प्रभावी उपयोग से विभागीय समन्वय मजबूत करने पर भी बल दिया गया।

साइबर अपराधों पर तत्काल संज्ञान लेकर पीड़ितों को त्वरित राहत देने, लंबित चालानों को न्यायालय में प्रस्तुत कर उनकी संख्या कम करने तथा रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

त्यौहारों और संगठित अपराधों पर विशेष नजर

बैठक में आगामी त्यौहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, शांति और सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही मादक पदार्थ, अवैध शराब, जुआ-सट्टा, चोरी, गृहभेदन और संगठित अपराधों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने को कहा गया।

मोटर व्हीकल एक्ट उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण पर भी जोर दिया गया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

सीधी पुलिस ने अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा और भरोसेमंद पुलिसिंग को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment