सड़क नहीं, सत्ता की संवेदनहीनता का दलदल: दुधमनिया तिराहे पर गड्ढों में उतरी धान रोपाई

0 397

सिहावल | शाहिद खान।

अमिलिया-सिहावल मार्ग की बदहाली के खिलाफ बुधवार को दुधमनिया तिराहे पर कांग्रेस का विरोध सिर्फ एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि व्यवस्था की नाकामी पर जनता का तीखा प्रतिवाद बनकर सामने आया। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक धान रोपाई कर यह संदेश दिया कि जिस रास्ते पर लोगों को सुरक्षित सफर करना चाहिए था, वह अब खेत का रूप ले चुका है। वर्षों से मरम्मत की बाट जोह रही इस सड़क ने शासन-प्रशासन के विकास संबंधी दावों की पोल खोल दी है। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में बिजली, पानी, स्वास्थ्य और पंचायत स्तर पर व्याप्त भ्रष्टाचार के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए।

 

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनोज सिंह चंदेल ने कहा कि सिहावल क्षेत्र की जनता रोजाना टूटी सड़कों, अव्यवस्थित व्यवस्थाओं और प्रशासनिक उदासीनता का दंश झेल रही है। विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और आम यात्रियों के लिए यह मार्ग परेशानी और दुर्घटनाओं का कारण बन चुका है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है। उनका आरोप था कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों तक कई बार शिकायतें पहुंचाई गईं, फिर भी हालात जस के तस बने हुए हैं। ऐसे में जनता के दर्द को आवाज देने के लिए सड़क पर उतरना मजबूरी बन गया है।

 

प्रदर्शन के बाद तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस नेताओं ने एक सप्ताह के भीतर सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की। चेतावनी दी गई कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा चक्काजाम जैसे उग्र जनआंदोलन किए जाएंगे। दुधमनिया तिराहे पर गड्ढों में रोपी गई धान की यह फसल दरअसल उस जनाक्रोश की प्रतीक है, जो विकास के वादों और जमीनी हकीकत के बीच बढ़ती खाई को उजागर कर रही है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment