सिंगरौली पुलिस को मिले 198 नव आरक्षक, पुलिस अधीक्षक ने 28 को सौंपे नियुक्ति पत्र

0 76

सिंगरौली | 03 जून 2026

मध्यप्रदेश शासन की पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत सिंगरौली जिले को कुल 198 नव आरक्षक प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. (भा.पु.से.) ने 28 नव नियुक्त आरक्षकों का स्वागत कर उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 की आरक्षक भर्ती प्रक्रिया में चयनित अभ्यर्थियों का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण एवं चरित्र सत्यापन कराया जा रहा है। अब तक जिले में चयनित अभ्यर्थियों के लिए 50 नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से 28 नव आरक्षकों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर नियुक्ति पत्र प्राप्त किए।

पुलिस विभाग द्वारा बताया गया कि शेष अभ्यर्थियों की विभागीय प्रक्रिया भी जारी है। चरित्र सत्यापन एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होते ही बाकी चयनित अभ्यर्थियों को भी चरणबद्ध तरीके से नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. ने नव आरक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और समाज सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सभी नव आरक्षकों से अनुशासन, निष्ठा और ईमानदारी के साथ कर्तव्यों के निर्वहन का आह्वान किया।

उन्होंने यह भी कहा कि शेष अभ्यर्थियों के चरित्र सत्यापन प्रतिवेदन प्राप्त होते ही उन्हें भी नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे, जिससे सभी 198 चयनित अभ्यर्थियों को जल्द ही पुलिस विभाग में पदस्थापना दी जा सके।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा, रक्षित निरीक्षक श्री केशव सिंह चौहान, सउनि (एम) श्रीनाथ पाण्डेय सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment