साप्ताहिक जनसुनवाई में सुनी गई आमजन की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

0 145

सीधी पुलिस की जन-केंद्रित पहल, शिकायतों के निष्पक्ष समाधान पर जोर

सीधी | 02 जून 2026

पुलिस अधीक्षक कार्यालय सीधी में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में आमजन की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना रहा।

जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा कई मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

जनसुनवाई में भूमि एवं संपत्ति विवाद, पारिवारिक विवाद, महिला संबंधी शिकायतें, साइबर अपराध, मारपीट तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों के आवेदन प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से महिला एवं कमजोर वर्ग से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निराकरण पर बल दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान शिकायतकर्ताओं को उनके मामलों की प्रगति की जानकारी दी गई तथा आवश्यक कानूनी परामर्श भी उपलब्ध कराया गया। साथ ही संबंधित थाना प्रभारियों एवं विवेचना अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव, उप पुलिस अधीक्षक अजाक श्री सुजीत कड़वे, थाना प्रभारी अजाक निरीक्षक श्री रामलोटन साकेत, थाना प्रभारी जमोड़ी उनि. दिव्य प्रकाश त्रिपाठी तथा महिला थाना से उनि. राजमणि वर्मा उपस्थित रहे। जिले के अन्य पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने कहा कि “साप्ताहिक जनसुनवाई पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का प्रभावी मंच है। सीधी पुलिस पारदर्शी कार्यप्रणाली और जन-केंद्रित पुलिसिंग के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।”

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment