मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा करेगी भव्य कार्यक्रम, कामकाजी बैठक संपन्न

अच्छे परिणाम के लिए अच्छी बैठकें आवश्यक — देव कुमार सिंह चौहान
मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की बनी रणनीति
प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी
सीधी। भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण कामकाजी बैठक रविवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित हुई, जिसमें जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी मुख्य अतिथि एवं भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान अध्यक्षता में शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी केंद्र से लेकर बूथ स्तर तक विविध कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की पदयात्रा, मीडिया संवाद, जनकल्याणकारी शिविर, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण, विशेष जनसंपर्क अभियान, मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी, सभागार बैठकें, प्राकृतिक खेती कार्यशाला तथा स्वास्थ्य शिविर जैसे आयोजन शामिल रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी कार्यक्रमों को प्रभावी, योजनाबद्ध और भव्य बनाने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को जिले के प्रत्येक बूथ केंद्र पर योजनाबद्ध तरीके से सुना गया, जिसके लिए सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रमों को भी उसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ संपन्न किया जाए।
देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि “अच्छे परिणाम के लिए अच्छी बैठकें आवश्यक हैं”, इसलिए 1 से 7 जून के बीच मंडल स्तर की बैठकों को पूरा किया जाए और इसके बाद शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर की बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित हों।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री अनिल पाण्डेय ने किया, जबकि अखिलेश पाण्डेय ने आभार प्रदर्शन और शिवदान साकेत ने स्वागत भाषण दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, संजय सिंह चौहान, विश्व बंधुधर द्विवेदी, ऊषा गोपाल पटेल, चंद्रपाल सिंह उइके, सूर्य प्रताप सिंह, उमाशंकर यादव, लवकेश सिंह, कपूरचंद साहू, सुरेंद्र मणि दुबे, संदीप सिंह गहरवार, हरिकेश साकेत, कृष्णपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।