सीधी पुलिस का महा-अभियान: “जन चौपाल–आपकी पुलिस आपके द्वार” से गांव-गांव पहुंची खाकी

0 270

एसपी संतोष कोरी पहुंचे ग्राम जूरी, सुनीं समस्याएं; अपराध, साइबर फ्रॉड और नशे के खिलाफ चलाया जागरूकता अभियान

प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी | रिपोर्ट – शाहिद खान

सीधी जिले में पुलिस और जनता के बीच भरोसे को मजबूत करने के उद्देश्य से 26 मई 2026 को जिला पुलिस द्वारा “जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, डीआईजी हेमंत चौहान के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के नेतृत्व में आयोजित इस महा-अभियान में पुलिस अधिकारियों ने गांव-गांव पहुंचकर आमजन से सीधा संवाद किया।

इस अभियान का सबसे बड़ा आकर्षण थाना कुसमी अंतर्गत ग्राम जूरी रहा, जहां स्वयं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी पहुंचे और ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। एसपी ने ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड, नशा मुक्ति और अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए पुलिस से संबंधित शिकायतों के साथ अन्य विभागों की समस्याओं की भी जानकारी ली। इस दौरान थाना प्रभारी कुसमी निरीक्षक अरुण द्विवेदी सहित पुलिस स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

एसपी संतोष कोरी ने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य केवल पुलिसिंग मजबूत करना नहीं बल्कि जनता के मन से खाकी का डर निकालकर विश्वास पैदा करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करेगी।

अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी जन चौपाल आयोजित हुईं। रामपुर नैकिन के घटोखर में 150 से अधिक नागरिक, कोतवाली भमरहा और अमिलिया पमरिया में लगभग 120-120 लोग, जबकि बहरी नकझर, बम्हनी पवाई और कमर्जी कारीमाटी में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। चौपालों में साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, बाल विवाह रोकथाम, घरेलू हिंसा और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर जागरूकता दी गई।

पुलिस ने अभियान के दौरान अवैध नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा पारदर्शी और आधुनिक पुलिसिंग को प्राथमिकता बताते हुए जनता से सहयोग की अपील की। जिला पुलिस के अनुसार यह अभियान हर माह के अंतिम मंगलवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।

“आपकी सुरक्षा – हमारा संकल्प” – इसी संदेश के साथ सीधी पुलिस गांवों तक पहुंचकर पुलिस-जन संवाद को नई दिशा देने का प्रयास कर रही है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment