मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोपद बनास अग्निकांड पर जताया शोक, मृत बच्चों के परिजनों को 6.25 लाख की सहायता घोषित

प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी | 23 मई 2026
सीधी जिले की गोपद बनास तहसील अंतर्गत ग्राम कसिहवा, ग्राम पंचायत बघवारी में हुए दर्दनाक अग्निकांड पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हृदयविदारक हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जिस पर मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए प्रति मृतक 6 लाख 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह लगभग 11:20 बजे रामरतन साकेत के घर के समीप स्थित बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और घर को अपनी चपेट में ले लिया।
इस दर्दनाक हादसे में घुम्मु उर्फ संध्या साकेत (6 वर्ष), रिद्धि साकेत (1 वर्ष 6 माह) और नागेंद्र साकेत (3 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
मुख्यमंत्री द्वारा घोषित सहायता राशि में 2-2 लाख रुपये मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद, 4-4 लाख रुपये ऊर्जा विभाग, 20-20 हजार रुपये जिला रेडक्रॉस सोसायटी सीधी तथा 5-5 हजार रुपये अंत्येष्टि सहायता के रूप में दिए जाएंगे।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जा रही है।
केज कल्चर योजना के लिए आवेदन आमंत्रित, 40 से 60 प्रतिशत तक मिलेगा अनुदान
प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी | 23 मई 2026
मध्यप्रदेश एकीकृत मत्स्योद्योग नीति-2026 के अंतर्गत जिले के बरचर एवं गुलाब सागर जलाशयों में केज कल्चर इकाई स्थापना एवं संचालन के लिए पात्र हितग्राहियों, समितियों और संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सहायक संचालक मत्स्योद्योग ने बताया कि योजना के तहत पात्र आवेदकों को उनकी पात्रता अनुसार 40 से 60 प्रतिशत तक अनुदान सहायता प्रदान की जाएगी। यह सहायता भारत सरकार द्वारा केज कल्चर गतिविधि स्वीकृत होने के बाद उपलब्ध होगी।
इच्छुक हितग्राही 07 जून 2026 तक डीपीआर एवं आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन जमा कर सकते हैं। गुलाब सागर जलाशय हेतु आवेदन मध्यप्रदेश मत्स्य महासंघ क्षेत्रीय कार्यालय देवलोंद (शहडोल) तथा बरचर जलाशय के लिए मत्स्य विभाग जिला कार्यालय सीधी में जमा किए जाएंगे।
योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी मत्स्योद्योग विभाग जिला कार्यालय सीधी अथवा विभागीय वेबसाइट www.mpfisheries.gov.in� से प्राप्त की जा सकती है।