निकोटिन का जाल बेनकाब” : 25 से 31 मई तक जिले में चलेगा तंबाकू निषेध सप्ताह

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान
विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2026 के अवसर पर जिले में 25 मई से 31 मई तक “तंबाकू निषेध सप्ताह” का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत इस वर्ष की थीम “निकोटिन और तंबाकू की लत का आकर्षण बेनकाब करें” रखी गई है। अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को तंबाकू एवं निकोटिन युक्त उत्पादों के खतरनाक दुष्प्रभावों से जागरूक कर स्वस्थ और नशामुक्त जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।
तंबाकू निषेध सप्ताह के दौरान जिलेभर में जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण, हस्ताक्षर अभियान, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक और जनसंवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष जागरूकता सत्रों के माध्यम से छात्रों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी विभागों और नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सबसे बड़ी ताकत है। विभाग ने अभिभावकों से विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को तंबाकू व निकोटिन उत्पादों से दूर रखने और उन्हें जागरूक करने का आग्रह किया है। विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह को जिले में स्वास्थ्य जागरूकता और नशामुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)