457 आवेदनों पर जिला स्तरीय जनसुनवाई, कलेक्टर ने अधिकारियों की तय की जवाबदेही

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश, सीमांकन मामलों को प्राथमिकता
सीधी, 19 मई 2026।
आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 457 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर शिकायतों की वस्तुस्थिति की जानकारी ली और मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जनसुनवाई शासन और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ लिया जाए तथा जिन प्रकरणों का तत्काल निराकरण संभव नहीं है, उनका निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को आवेदनों के निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रतिदिन अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विशेष रूप से सीमांकन से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को ऐसे प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि नागरिकों को वास्तविक राहत पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरता को समझते हुए समय-सीमा में संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए, जिससे आमजन का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हो।
जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं जिले के सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई से जुड़े रहे।