बारिश से पहले अलर्ट मोड पर प्रशासन

0 134

बाढ़ और आपदा प्रबंधन को लेकर कलेक्टर विकास मिश्रा के सख्त निर्देश

 

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान

 

सीधी जिले में आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर विकास मिश्रा ने आपदा प्रबंधन एवं बाढ़ नियंत्रण व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। बैठक में संवेदनशील गांवों, नदी-नालों और बाढ़ संभावित क्षेत्रों की विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने संबंधित विभागों को राहत सामग्री, खाद्यान्न, दवाइयों, नाव और अन्य आवश्यक संसाधनों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को जलजनित बीमारियों और सांप काटने जैसी घटनाओं से निपटने के लिए मेडिकल टीमों एवं दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया, वहीं विद्युत विभाग को बारिश के दौरान बाधित बिजली व्यवस्था के त्वरित सुधार हेतु विशेष दल गठित करने के निर्देश दिए गए। नगरीय निकायों को नालों, पुल-पुलियों और जल निकासी मार्गों की साफ-सफाई अभियान तेज करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में वन विभाग को बारिश के दौरान निकलने वाले सांपों और जहरीले जीव-जंतुओं के सुरक्षित रेस्क्यू एवं स्थानांतरण के लिए विशेष तैयारी करने को कहा गया। साथ ही नदियों और नालों के आसपास अवैध रूप से निवास कर रहे परिवारों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टॉर्च, रेनकोट, छाता सहित आवश्यक राहत सामग्री साथ रखने और सभी पुल-पुलियों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment