पड़रिया खुर्द में लावारिस हालत में घुम रहा किशोर ।ग्रामीणों में चिंता का माहौल 

0 300

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव

 

डिंडोरी। शहपुरा जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़रिया खुर्द में एक किशोर की दयनीय स्थिति गांव में चर्चा और चिंता का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में एक लड़का लंबे समय से बेसहारा हालत में इधर-उधर घूमता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह किशोर ग्राम कोटवार संपत लाल झरिया का नाती सल्लू झरिया है, जिसकी मां का लगभग 7 से 8 वर्ष पूर्व निधन हो चुका है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि किशोर की हालत बेहद खराब है। कभी उसके शरीर पर आधे-अधूरे कपड़े रहते हैं तो कभी बिना कपड़ों के ही गांव में घूमता दिखाई देता है। भोजन के लिए वह लोगों के घरों में जाकर रोटी मांगता है और जैसे-तैसे अपना पेट भर रहा है। रहने और देखभाल की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण वह कहीं भी सो जाता है।

 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मां के निधन के बाद उसे अपने पास रखकर पालन-पोषण करने की बात कही गई थी। शुरुआती दो वर्षों तक उससे घर का काम करवाया गया, लेकिन बाद में उसकी देखभाल और भोजन की व्यवस्था बंद कर दी गई। इसके बाद से किशोर गांव और आसपास के क्षेत्रों में भटकते हुए जीवन गुजार रहा है।

 

हालांकि ग्रामीणों का यह भी कहना है कि किशोर बातचीत अच्छे से करता है और लोगों से सामान्य तरीके से बात करता है, लेकिन उचित देखभाल और संरक्षण के अभाव में उसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। गांव के लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि परिवार और समाज के बीच रहकर भी वह बेसहारा जीवन जीने को मजबूर है।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाजसेवी संस्थाओं से मांग की है कि किशोर की स्थिति की जांच कर उसे भोजन, कपड़े, उपचार और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाए, ताकि उसका भविष्य सुरक्षित हो सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment