7 साल बाद मिली खुशखबरी: ‘ऑपरेशन मुस्कान’ में लापता बालिका सकुशल बरामद, परिजनों से हुआ मिलन

सीधी | 03 मई 2026
जिला सीधी पुलिस को “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2019 से लापता 7 वर्षीय बालिका को पुलिस ने सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों से पुनर्मिलन कराया है, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है।
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस इस पुराने प्रकरण में लगातार प्रयासरत थी।
2019 में दर्ज हुआ था मामला
जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर 2019 को कोतवाली थाना में एक फरियादी ने अपनी नाबालिग पुत्री के घर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने धारा 363 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया।
तकनीकी विश्लेषण से मिला सुराग
मामले में नई दिशा तब मिली जब उप निरीक्षक विवेक द्विवेदी ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर बालिका के उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में होने की जानकारी प्राप्त की। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह माता-पिता की डांट से नाराज होकर घर छोड़कर चली गई थी और ललितपुर में रहकर मजदूरी कर जीवन यापन कर रही थी।
वैधानिक प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंपा गया
पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इनका रहा सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय, उप निरीक्षक विवेक द्विवेदी, प्रधान आरक्षक रण बहादुर सिंह एवं महिला प्रधान आरक्षक ममता पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।