केंद्रीय विद्यालय एसईसीएल जमुना कॉलरी में विद्या प्रवेशोत्सव सम्पन्न

रिपोर्ट- नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा
जमुना-कोतमा, 2 मई 2026:- केंद्रीय विद्यालय एसईसीएल, जमुना कॉलरी में शुक्रवार को विद्या प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत बालवाटिका और कक्षा 1 में प्रवेश लेने वाले नन्हे-मुन्हे विद्यार्थियों का विद्यालय परिवार ने उत्साह और उल्लास के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अरविंद राय, एसईसीएल एवं प्राचार्य मनोज कुमार द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद विद्यालय में सभी नवप्रवेशियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। प्राथमिक शिक्षकों द्वारा अभिभावकों को प्राथमिक शिक्षण पद्धति, बालवाटिका नियमों और शुल्क संरचना के विषय मे विस्तार से बताया। पहले दिन बच्चों को विद्यालय के वातावरण से जोड़ने के लिए कुछ गतिविधियों का आयोजन और उनकी कक्षाओं का भ्रमण कराया गया जिससे वे सहज महसूस कर सकें।
इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बालवाटिका बुनियादी शिक्षा का सशक्त आधार है। यहाँ खेल-खेल में सीखने पर जोर दिया जाता है ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंत मे प्रभारी मुख्य अध्यापक विक्की कुमार ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।