“जन चौपाल” का संभाग स्तरीय शुभारंभ: 6 जिलों के 141 थाना-चौकियों में एकसाथ आयोजन, हजारों नागरिकों से सीधा संवाद

0 235


सीधी जिले के 19 स्थानों पर कार्यक्रम, 2550 से अधिक लोगों की सहभागिता; मौके पर ही सैकड़ों समस्याओं का निराकरण
सीधी | 29 अप्रैल 2026
रीवा जोन में पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत “जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” अभियान का संभाग स्तरीय शुभारंभ 28 अप्रैल को किया गया। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत चौहान के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के नेतृत्व में यह कार्यक्रम एक साथ 6 जिलों के 141 थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आयोजित हुआ।
सीधी जिले में यह अभियान 19 स्थानों पर संचालित किया गया, जहां करीब 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने 2550 से अधिक नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान आमजन की समस्याएं मौके पर ही सुनी गईं और आधे से अधिक शिकायतों का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
संभाग स्तरीय मुख्य कार्यक्रम थाना चुरहट अंतर्गत ग्राम पंचायत पचोखर में आयोजित हुआ, जहां पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि यह पहल पुलिसिंग को अधिक जन-केंद्रित, जवाबदेह और संवेदनशील बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है। उन्होंने अवैध नशे के खिलाफ Zero Tolerance नीति दोहराते हुए कोरेक्स व गांजा जैसे नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और जन-जागरूकता को अभियान के प्रमुख स्तंभ बताया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने आमजन को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निराकरण किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बिना संकोच अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रखें।
जन चौपाल में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिससे पुलिस-जन संवाद को नई मजबूती मिली। सभी स्थलों पर शिकायत डेस्क स्थापित कर व्यवस्थित पंजीयन और फॉलो-अप की व्यवस्था की गई।
अभियान की प्रमुख प्राथमिकताएं:
अवैध नशे पर कार्रवाई, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध रोकथाम, स्थानीय समस्याओं का समाधान और जनसहभागिता से अपराध नियंत्रण।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव, एसडीओपी रवि प्रकाश कौल, रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे, थाना प्रभारी दीपक बघेल, यातायात प्रभारी भूपेश बैस सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में शहीद सुधाकर सिंह के पिता सच्चिदानंद सिंह एवं सरपंच विमलेश पटेल को सम्मानित किया गया।
“आपकी सुरक्षा – हमारा संकल्प”

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment