जमोड़ी पुलिस का सराहनीय रेस्क्यू: 50 घंटे में दिल्ली से नाबालिग बालक सुरक्षित बरामद

सीधी | 22 अप्रैल 2026
पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ‘अभियान मुस्कान’ के तहत थाना जमोड़ी पुलिस ने तत्परता और दक्षता का परिचय देते हुए एक नाबालिग बालक को महज 50 घंटे के भीतर दिल्ली से सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंपने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, थाना जमोड़ी क्षेत्र से 19 अप्रैल 2026 को एक नाबालिग बालक के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि बालक क्रिकेट का अत्यधिक शौकीन है और इसी जुनून के चलते वह बिना बताए दिल्ली चला गया था, ताकि वहां बड़े स्तर पर क्रिकेट देख और खेल सके।
थाना प्रभारी उनि. दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी इनपुट और स्थानीय सूत्रों की मदद से दिल्ली पहुंचकर बालक को सकुशल दस्तयाब किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को सुरक्षित सीधी लाया गया, जहां उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बालक की शीघ्र बरामदगी पर परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
पुलिस टीम की भूमिका:
इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में उनि. दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सउनि. आर.डी. साकेत, प्रधान आरक्षक राजपति एवं आरक्षक गोलू की विशेष भूमिका रही।