नारी शक्ति वंदन को लेकर भाजपा युवा मोर्चा का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला दहन

मंजू राम सिंह बोलीं— “कांग्रेस का हाथ नारी शक्ति के खिलाफ”; निशांत मिश्रा ने कहा— “महिला आरक्षण पर ढेर हुए बब्बर शेर”
सीधी।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने सीधी में विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस एवं इंडी गठबंधन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। स्थानीय पीएम श्री संजय गांधी महाविद्यालय तिराहे पर जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू राम सिंह के मुख्य आतिथ्य एवं भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष निशांत मिश्रा के नेतृत्व में राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया।
पुतला दहन के बाद मीडिया से बातचीत में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू राम सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर कांग्रेस, डीएमके, समाजवादी पार्टी सहित पूरे इंडी गठबंधन ने महिला विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस का हाथ नारी शक्ति के खिलाफ है, जिसे देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी” और इसके लिए गठबंधन को राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
वहीं युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष निशांत मिश्रा ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर यह प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष असफल रहा है। “जो खुद को बब्बर शेर कहते हैं, वे महिला आरक्षण के मुद्दे पर ढेर हो गए,” उन्होंने कहा। इस मुद्दे को लेकर युवाओं में आक्रोश और नाराजगी देखने को मिली।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की पूर्व अध्यक्ष अंजू केसरी, डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष शिवदान साकेत, अमलेश्वर चतुर्वेदी, पार्षद पूनम सोनी, नीलम पांडेय, उमाशंकर यादव, सुरेंद्र मणि दुबे, सुनीता रानी वर्मा, पंकज पांडेय, नीरज मिश्रा, जितेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे।