जनसुनवाई में आमजन को बड़ी राहत, मौके पर समाधान के साथ स्वास्थ्य जांच व आधार अपडेशन की सुविधा

0 718


सीधी | 21 अप्रैल 2026
कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने जनसुनवाई को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुख बनाने की दिशा में पहल करते हुए कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में स्वयं उपस्थित होकर लगभग 480 नागरिकों की समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
जनसुनवाई को सरल एवं सुलभ बनाने के लिए आवेदकों को आवेदन लिखने की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिसमें विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालेंटियर्स ने सहयोग किया। प्राप्त सभी आवेदनों को तत्काल जन आकांक्षा पोर्टल पर दर्ज कर पावती प्रदान की गई, जिससे पारदर्शिता और ट्रैकिंग सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हितग्राही मूलक योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर ही निराकरण किया जाए और आवेदकों को समय पर कार्रवाई की जानकारी दी जाए। साथ ही, आवेदन अमान्य होने की स्थिति में स्पष्ट कारण बताने के निर्देश भी दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया, वहीं आधार अपडेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ मिला।
कलेक्टर ने बताया कि भविष्य में क्लस्टर स्तर पर शिविर आयोजित कर प्रशासनिक सेवाओं के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी इसका लाभ मिल सके। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment