सिहावल में खुशियों का संगम: 83 विवाह, 6 निकाह से सजे नए जीवन के सपने

सरकारी योजना बनी सहारा, सांसद- विधायक ने दिया जिम्मेदार जीवन का संदेश
प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, सिहावल रिपोर्ट : शाहिद खान
सीधी जिले के सिहावल जनपद पंचायत प्रांगण में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत आयोजित भव्य सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह में खुशियों का अनूठा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में 83 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे, जबकि 6 जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ। समारोह सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के मुख्य आतिथ्य, विधायक विश्वामित्र पाठक की अध्यक्षता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह की विशेष उपस्थिति में गरिमामय ढंग से आयोजित हुआ। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों की मौजूदगी ने आयोजन को सामाजिक समरसता का उत्सव बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक विवाह संपन्न कराए गए, वहीं निकाह की रस्में भी परंपरागत तरीके से पूरी की गईं। पूरे आयोजन में सांस्कृतिक गरिमा, पारंपरिक उल्लास और भाईचारे का सुंदर संगम देखने को मिला। शासन की ओर से सभी नवदंपत्तियों को 49-49 हजार रुपए की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए, जिससे उनके नए जीवन की शुरुआत को मजबूती मिली।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए इसे समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए वरदान बताया। उन्होंने नवजीवन की शुरुआत नशामुक्ति, जिम्मेदारी और आपसी विश्वास के साथ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सामाजिक न्याय को मजबूत कर रही हैं।
विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि इस योजना ने गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह को लेकर वर्षों से चली आ रही चिंता को काफी हद तक समाप्त किया है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. भीमराव अंबेडकर के अंत्योदय के विचारों को याद करते हुए कहा कि सरकार उसी दिशा में कार्य कर रही है, जहां समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचे।
जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि ऐसे सामूहिक आयोजन सामाजिक समरसता, समानता और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।
जनगणना 2027 के लिए लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ. मिश्रा ने उपस्थित जनसमूह और नवदंपत्तियों को जनगणना 2027 के सफल आयोजन के लिए शपथ दिलाई। सभी ने सटीक जानकारी देने, लोगों को जागरूक करने और जनगणना को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस सामूहिक प्रतिबद्धता ने आयोजन को सामाजिक जागरूकता का भी मंच बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेंद्र सिंह सोलंकी, एसडीएम राजेश शुक्ला, अतिरिक्त सीईओ धनंजय मिश्रा, जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय, तहसीलदार जयप्रकाश पाण्डेय, बीडीओ रश्मि पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रवेश मिश्रा सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नवविवाहित जोड़े और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)