09 घंटे में सकुशल मिली नाबालिग, ‘अभियान मुस्कान’ में मड़वास पुलिस की बड़ी सफलता

0 197

सीधी, 16 अप्रैल 2026।

पुलिस मुख्यालय द्वारा गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष ‘अभियान मुस्कान’ के तहत सीधी जिले की मड़वास पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी (IPS) के निर्देशन में थाना मड़वास पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को रिपोर्ट दर्ज होने के महज 09 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मड़वास में एक फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री, जो गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में गई थी, वापस घर नहीं लौटी। अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका पर पुलिस ने तत्काल धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द श्रीवास्तव एवं एसडीओपी श्री रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कन्हैया सिंह बघेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। उपनिरीक्षक आर.बी. सिंह सहित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और स्थानीय संसाधनों की मदद से सघन तलाश अभियान चलाया।

पुलिस की सक्रियता के चलते बालिका को शीघ्र ही सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह मां की डांट से नाराज होकर बिना बताए अपनी सहेली के घर चली गई थी।

वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद बालिका को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment