डिंडौरी में दर्दनाक हादसा: हाईवे किनारे खड़े लोगों को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा, 5 की मौके पर मौत

0 332

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव

 

डिंडौरी। जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे पर गाड़ासरई थाना क्षेत्र के किकरा तालाब गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ग्रामीणों को कुचल दिया, जिससे पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम परसवाह करवेमट्ठा के ग्रामीण एक पारिवारिक चौक कार्यक्रम से पिकअप वाहन में सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन का टायर अचानक पंचर हो गया। मजबूरी में सभी लोग सड़क किनारे उतरकर खड़े हो गए। तभी गोरखपुर की ओर से आ रहा सीमेंट राखड़ से भरा एक कैप्सूल ट्रक अनियंत्रित हो गया और सीधे खड़े लोगों पर चढ़ गया।

 

हादसा इतना भयावह था कि ट्रक की चपेट में आने से न केवल ग्रामीणों की जान चली गई, बल्कि सड़क किनारे बना यात्री प्रतीक्षालय, एक गरीब ग्रामीण की छोटी होटल और पास स्थित मढ़िया भी क्षतिग्रस्त हो गई। संयोगवश होटल संचालक उस समय मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।

 

इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो ग्राम परसवाह, दो करवेमट्ठा और एक उफरी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

 

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही एसडीओपी और गाड़ासरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

प्रशासन भी घटना के बाद तुरंत सक्रिय हो गया। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। अधिकारियों ने हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

 

गाड़ासरई पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment