जमोड़ी पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, जबलपुर का आरोपी गिरफ्तार

0 9,077


मामूली विवाद बना हत्या का कारण, हथौड़े से वार कर उतारा मौत के घाट
सीधी | 10 अप्रैल 2026
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना जमोड़ी पुलिस ने ग्राम पड़रा में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को जबलपुर से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
घटना का विवरण
दिनांक 06 अप्रैल 2026 को सूचनाकर्ता रामकृपाल गुप्ता निवासी पड़रा ने थाना जमोड़ी में सूचना दी कि उनकी निर्माणाधीन बिल्डिंग में सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत राजू पटेल (45 वर्ष), निवासी जबलपुर अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पाए गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीधी ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए जाने से प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हुआ, जिसकी पुष्टि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में भी हुई। इसके बाद अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले तथा परिजनों एवं संदिग्धों से पूछताछ की।
जांच में सामने आया कि मृतक राजू पटेल दिनांक 03 अप्रैल 2026 को जबलपुर से अपने साथी संजू यादव और गुड्डा अहिरवार के साथ सीधी आया था।
हत्या का कारण
पूछताछ में पता चला कि 04 अप्रैल की शाम मृतक राजू पटेल और आरोपी संजू यादव के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था।
विवाद के बाद संजू नाराज होकर बस स्टैंड चला गया, लेकिन राजू ने उसे ढूंढ निकाला और सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसी अपमान का बदला लेने के लिए आरोपी ने हत्या की योजना बनाई।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
उसी रात करीब 11 बजे, जब राजू पटेल और गुड्डा सो रहे थे, तभी आरोपी संजू यादव ने पास में रखे हथौड़े से राजू के सिर पर 3-4 वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी पैदल बस स्टैंड पहुंचा और वहां से सतना होते हुए जबलपुर फरार हो गया।
आरोपी गिरफ्तार
थाना जमोड़ी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी संजू यादव (36 वर्ष), पिता सूकल यादव, निवासी तिलहरी, जबलपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने पहले ही घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा बरामद कर लिया था। आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।
इन अधिकारियों की रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सउनि आर.डी. साकेत, रामबाबू, आरक्षक के.पी. सिंह, नीरज पाराशर एवं अभिषेक तेंदुलकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment