“संकल्प से समाधान” शिविर में कलेक्टर की चौपाल, दो दिन में सैकड़ों समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

0 396

 

अतिक्रमण, पेंशन, बिजली और सड़क मुद्दों पर फोकस—14 अप्रैल ग्रामसभा में प्रस्ताव कर कार्रवाई के निर्देश

सीधी, 09 अप्रैल 2026

जिले में “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत कलेक्टर विकास मिश्रा ने विकासखंड सिहावल के विभिन्न ग्रामों में लगातार दो दिनों तक जन चौपाल एवं जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित और समयबद्ध निराकरण के सख्त निर्देश दिए।

ग्राम कोदौरा में आयोजित शिविर में कलेक्टर ने शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा की। यहां अतिक्रमण, सीमांकन, पेंशन न मिलना और हितग्राही मूलक योजनाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। दिव्यांगजनों की मांग पर पात्रतानुसार उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़कों के निर्माण और अतिक्रमण हटाने के लिए 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर आयोजित ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित करने तथा पंचायत निधि से मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए गए। प्रस्ताव मिलने के बाद अतिक्रमण चिन्हांकन कर कार्रवाई की जाएगी।

ग्राम पंचायत लौआ में कलेक्टर ने माता लौआ देवी मंदिर के लिए प्रबंध समिति गठन के निर्देश दिए और प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं ग्राम सिहौलिया में ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था सुधार, नए हैंडपंप खनन और खेत सड़क निर्माण की मांग रखी, जिस पर संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन को शीघ्र राहत देना सुनिश्चित करना होगा।

इस दौरान एसडीएम सिहावल राजेश शुक्ला, जनपद पंचायत सीईओ रश्मि पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment