सिहावल में ‘घड़ियाल अलर्ट’: गेरुआ के छंदनहिया टोला में तीन मगरमच्छ दिखे, दहशत में ग्रामीण

प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी (सिहावल) | रिपोर्ट: शाहिद खान
मध्य प्रदेश के
सीधी जिले के सिहावल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गेरुआ के कुढ़ेरी नाले में तीन मगरमच्छ दिखने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। छंदनहिया टोला मार्ग स्थित पुल के पास, शिक्षिका सुभिया सिंह के घर से लेकर मोहम्मद अहमद अंसारी के घर तक इन जलीय जीवों की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है। अचानक मगरमच्छों के सामने आने से लोग सहम गए हैं और बच्चों व मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा गई है।
ग्रामीणों के अनुसार नाले और आसपास के जल स्रोतों में मगरमच्छों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। भीषण गर्मी के चलते नाले में पानी घटकर करीब तीन फीट रह गया है, जिससे ये जलीय जीव अब रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। इससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और आवागमन में भी डर बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग और सोन घड़ियाल अभ्यारण की टीम से तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सिहावल क्षेत्र के कई तालाबों और जलाशयों में भी मगरमच्छ देखे जा रहे हैं, जिससे दहशत का माहौल बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से व्यापक स्तर पर अभियान चलाकर इनका सुरक्षित रेस्क्यू कराने की मांग की है, ताकि वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)