ऑपरेशन मुस्कान’ में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता, महाराष्ट्र से लापता किशोरी सकुशल बरामद

सीधी, 06 अप्रैल 2026।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित ‘अभियान मुस्कान’ के तहत सीधी जिले की कोतवाली पुलिस ने एक सराहनीय सफलता हासिल करते हुए जनवरी माह से लापता नाबालिग किशोरी को महाराष्ट्र के नांदेड़ से सकुशल बरामद कर लिया है। इस सफलता से परिजनों के चेहरे पर फिर से खुशियां लौट आई हैं।
जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी 2026 से लापता किशोरी की तलाश में कोतवाली पुलिस लगातार जुटी हुई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से किशोरी की लोकेशन महाराष्ट्र में ट्रेस की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नांदेड़ में दबिश दी और किशोरी को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।
पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह घरेलू कामकाज को लेकर मां की डांट से नाराज होकर घर से निकल गई थी और रोजी-रोटी की तलाश में महाराष्ट्र चली गई थी। पुलिस ने किशोरी की काउंसलिंग कर उसे समझाइश दी, जिससे वह दोबारा मुख्यधारा से जुड़ सके।
थाना कोतवाली में जब किशोरी को उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया तो माहौल भावुक हो गया। परिजनों ने अपनी बेटी को सकुशल पाकर सीधी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए टीम की सराहना की।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय, सहायक उप निरीक्षक राजमणि रजक, प्रधान आरक्षक संजय मौर्य एवं महिला प्रधान आरक्षक किरण मिश्रा शामिल रहीं।