गेहूं खरीदी, गैस किल्लत और बढ़ते बिजली बिलों को लेकर सीधी में कांग्रेस का विशाल धरना, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

0 300

सीधी, 06 अप्रैल 2026।

जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सोमवार को सम्राट चौक स्थित पृथ्वीराज चौहान शॉपिंग कॉम्प्लेक्स परिसर में गेहूं खरीदी में देरी, गैस सिलेंडर की किल्लत, बढ़ते बिजली बिलों एवं भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने किया, जबकि जिला संगठन प्रभारी दिलीप मिश्रा एवं जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

धरना-प्रदर्शन में जिले भर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं, किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान वक्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आमजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

प्रदर्शन के दौरान गेहूं खरीदी में हो रही देरी और अव्यवस्था से किसानों को हो रही परेशानी, घरेलू गैस की कमी, लगातार बढ़ते बिजली बिल, ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान, पेयजल संकट, बिगड़ती कानून व्यवस्था एवं महिलाओं के साथ बढ़ते अपराध जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा गया। साथ ही सीधी-सिंगरौली सड़क निर्माण में देरी, वनों की कटाई, खाद-बीज की अनुपलब्धता एवं एमएसपी पर नगण्य बोनस जैसे विषय भी प्रमुखता से उठाए गए।

कमलेश्वर पटेल का बयान

पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने कहा कि सरकार गैस, बिजली और किसानों के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है। किसान अपनी उपज लेकर मंडियों में भटक रहा है, लेकिन समय पर खरीदी नहीं हो रही, जिससे उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों ने आम जनता का बजट बिगाड़ दिया है, जबकि बिजली बिलों ने लोगों की कमर तोड़ दी है।

दिलीप मिश्रा का आरोप

जिला संगठन प्रभारी दिलीप मिश्रा ने कहा कि प्रदेश का हर वर्ग आज परेशान है। सरकार बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में असफल रही है। उन्होंने राजस्व प्रकरणों में देरी, पेयजल संकट और सड़क निर्माण में विलंब जैसे मुद्दों को भी उठाया।

ज्ञान सिंह का वक्तव्य

जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि गैस, गेहूं खरीदी और बिजली बिल आज हर घर की सबसे बड़ी समस्या बन चुके हैं। सरकार किसानों और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है।

राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

धरना-प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रमुख रूप से गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं होम डिलीवरी बहाल करने, गेहूं खरीदी की तिथि निर्धारित करने, बिजली बिलों में संशोधन, खराब ट्रांसफार्मर एवं केबल बदलने, पेयजल समस्या के समाधान, ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने तथा बस स्टैंड व्यवस्था को सुधारने की मांग की गई।

प्रमुख मांगें

गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता एवं होम डिलीवरी शुरू की जाए

गेहूं खरीदी की तिथि शीघ्र घोषित की जाए

बढ़े हुए बिजली बिलों में संशोधन किया जाए

खराब ट्रांसफार्मर व केबल तत्काल बदले जाएं

ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुधारी जाए

ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाए

बसों का संचालन नियमानुसार बस स्टैंड से कराया जाए

कार्यक्रम का संचालन संगठन महासचिव ज्ञानेन्द्र अग्निहोत्री ने किया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष चिंतामणि तिवारी, नपा अध्यक्ष काजल वर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment