100 दिवसीय टीबी स्क्रीनिंग अभियान अंतर्गत ग्राम सिमरिया में एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप आयोजित

रिपोर्टर-सोहन श्याम बजाग डिंडौरी
डिंडौरी-जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित 100 Days TB Screening Campaign के अंतर्गत विकासखंड डिंडोरी ब्लॉक के ग्राम सिमरिया में एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डेय तथा जिला क्षय अधिकारी डॉ. मनोज उरैती के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कैंप के दौरान ग्रामीणों की एक्स-रे के माध्यम से टीबी स्क्रीनिंग की गई, जिससे संभावित मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें शीघ्र जांच एवं उपचार से जोड़ा जा सके। साथ ही ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, बचाव, जांच एवं उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने कैंप का भ्रमण कर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी का समय पर जांच एवं नियमित उपचार से पूर्णतः इलाज संभव है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं तथा शासन द्वारा उपलब्ध निःशुल्क सुविधाओं का लाभ उठाएं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा संभावित मरीजों को आगे की जांच जैसे बलगम परीक्षण एवं अन्य आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण हेतु भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
ग्राम सिमरिया में आयोजित यह कैंप टीबी मुक्त डिंडोरी की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे कैंपों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में टीबी की सक्रिय खोज, जनजागरूकता एवं उपचार सुनिश्चित किया जाता रहेगा।