सीधी-सिंगरौली फोरलेन सड़क निर्माण को मिलेगी रफ्तार, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने नितिन गडकरी से की मुलाकात

0 503

सीधी संसदीय क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित सीधी–सिंगरौली सड़क परियोजना को अब पंख लगने की उम्मीद जगी है। क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने हाल ही में नई दिल्ली स्थित संसद भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की और सीधी–सिंगरौली सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की पुरजोर मांग रखी।

मुलाकात के दौरान, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने नितिन गडकरी का ध्यान सीधी-सिंगरौली मार्ग की जर्जर हालत और उससे आमजन को होने वाली परेशानियों की ओर आकर्षित किया। उन्होंने मंत्री को बताया कि यह सड़क क्षेत्र की जीवन रेखा है और इसके न बनने से औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियाँ प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने मंत्री के समक्ष जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रस्ताव रखा।

इसके साथ ही, सांसद ने क्षेत्र के विकास के लिए एक और महत्वपूर्ण प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने बरगवां से कटनी (सरई, मड़वास, ब्यौहारी, विजयसोता मार्ग) को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में उन्नत करने और उसे फोरलेन सड़क में तब्दील करने की मांग की।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और क्षेत्र की सड़क परियोजनाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने सीधी-सिंगरौली सड़क परियोजना के महत्व को समझते हुए मुलाकात के दौरान ही संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “सीधी-सिंगरौली फोरलेन सड़क का निर्माण क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे न केवल यातायात सुविधा बेहतर होगी, बल्कि औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। हम इस परियोजना को समय पर पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री के निर्देशों के बाद उम्मीद की जा रही है कि सीधी-सिंगरौली सड़क निर्माण कार्य में तेज़ी आएगी। यह परियोजना पिछले काफी समय से लंबित थी, लेकिन अब उम्मीद जगी है कि जल्द ही लोगों को बेहतर सड़क नेटवर्क का लाभ मिल सकेगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment