टंसार में वृहद विधिक जागरूकता शिविर, हितलाभ वितरण के साथ नशा मुक्ति का संकल्प

सीधी | 28 मार्च 2026
जिले के विकासखंड कुसमी अंतर्गत पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टंसार में वृहद विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण एवं आदिवासी समुदाय को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें न्याय प्रणाली से जोड़ना रहा।
शिविर में निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, पीड़ित प्रतिकर योजना सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों के निराकरण करते हुए मौके पर ही हितलाभ वितरित किए गए।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री प्रयाग लाल दिनकर ने कहा कि जागरूक समाज ही मजबूत न्याय व्यवस्था की नींव है। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि हर नागरिक को निःशुल्क विधिक सहायता का अधिकार है। उन्होंने नेशनल लोक अदालत की उपयोगिता बताते हुए त्वरित और कम खर्च में न्याय मिलने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति का संदेश देते हुए उपस्थित जनसमूह को शपथ दिलाई गई। विधायक धौहनी श्री कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में न्यायिक जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं।
कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने बताया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के लिए एक माह बाद फॉलो-अप शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत स्वयं सहायता समूहों को लाखों रुपये की आर्थिक सहायता, संबल योजना के लाभ, आयुष्मान कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र, स्वाइल हेल्थ कार्ड सहित कई हितलाभ वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।