सीधी पुलिस की बड़ी सफलता: झपटमारी का खुलासा, मऊगंज का शातिर लुटेरा गिरफ्तार

सीधी | 28 मार्च 2026
जिले में झपटमारी की एक गंभीर वारदात का पर्दाफाश करते हुए कमर्जी पुलिस ने मऊगंज जिले के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी कमर्जी उप निरीक्षक इंद्राज सिंह के नेतृत्व में की गई।
तुर्रा घाटी में हुई थी वारदात
जानकारी के अनुसार, 16 जून 2025 को फरियादी विपिन कुमार विश्वकर्मा अपनी भाभी रंजना विश्वकर्मा के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे तुर्रा घाटी (जोगिनी माता मंदिर के आगे) के पास सफेद अपाचे बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने चलती गाड़ी से महिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए। मामले में थाना कमर्जी में अपराध क्रमांक 209/2025 धारा 304 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार संदिग्धों पर नजर बनाए हुए थी। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही प्रकाश कोल उर्फ बेटू (20 वर्ष), निवासी पथरिया थाना मऊगंज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
1500 रुपये नगद बरामद, साथी फरार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट के हिस्से के 1500 रुपये नगद जब्त किए हैं। आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसे न्यायालय चुरहट में पेश कर जिला जेल सीधी भेज दिया गया है। वहीं, गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
टीम का रहा सराहनीय योगदान
इस अंधे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी इंद्राज सिंह सहित प्र.आर. अमर सिंह परिहार, आरक्षक अनिल सिंह, सोनू यादव, विपिन त्रिपाठी एवं मुकेश रावत की भूमिका सराहनीय रही।