महोबा में भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया भगवान श्रीराम जन्मोत्सव 

0 91

महोबा में आज रामनवमी का पर्व भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। नवीन गल्ला मंडी स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में भगवान राम के जन्मोत्सव के साथ ही पूरा शहर जय श्री राम के उद्घोष से गूंज उठा। विधायक राकेश गोस्वामी और प्रशासन की मौजूदगी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें नासिक के बैंड और मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। डीएम और एसपी ने खुद कमान संभालते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पालकी को कंधा देकर सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया।

 

वीरभूमि महोबा में चैत्र नवरात्रि की नवमी पर प्रभु श्री राम का जन्मोत्सव अभूतपूर्व उत्साह के साथ मनाया गया। ऐतिहासिक नवीन गल्ला मंडी परिसर स्थित श्री श्री 1008 लक्ष्मी नारायण मंदिर में जैसे ही पंचामृत से भगवान का अभिषेक हुआ, वैसे ही शंखध्वनि और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। जन्मोत्सव के उपरांत भगवान श्री राम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। क्षेत्रीय विधायक राकेश गोस्वामी, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर और गल्ला व्यापारियों ने प्रभु की पालकी को कंधों पर उठाकर नगर भ्रमण की शुरुआत की। इस दौरान सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। शोभायात्रा में शामिल भगवान की प्रतीकात्मक झांकियां और नासिक से आए विशेष बैंड की धुनों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। हजारों युवा हाथों में केसरिया ध्वज लेकर और डीजे की धुन पर थिरकते हुए प्रभु भक्ति में सराबोर नजर आए। जगह-जगह सामाजिक संगठनों द्वारा पंडाल लगाकर जुलूस का भव्य स्वागत किया गया।

त्योहार की संवेदनशीलता और सुरक्षा को देखते हुए महोबा प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से पूरे जुलूस मार्ग का गहन निरीक्षण किया। सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजामों के बीच अधिकारियों ने ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से निगरानी सुनिश्चित की। एक विशेष क्षण तब आया जब डीएम और एसपी ने स्वयं रामनवमी पालकी को कंधा देकर रवाना किया, जिसने प्रशासन और जनता के बीच अटूट विश्वास और सौहार्द का उदाहरण पेश किया। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी और महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती के चलते पूरी यात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुई। अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ पर्व मनाएं। आज की यह भव्य शोभायात्रा महोबा की सांस्कृतिक एकता और अटूट आस्था का प्रतीक बन गई।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment