मझिगवां माइंस में सुरक्षा भगवान भरोसे: क्या बड़े हादसे का इंतज़ार?

सीधी (म.प्र.)। जिले के बघवार–मझिगवां क्षेत्र में संचालित UltraTech Cement की खदान में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सवालों के घेरे में है। एक ओर जहां तेज़ी से पत्थर खनन जारी है, वहीं दूसरी ओर सुरक्षा इंतज़ाम नदारद नजर आ रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि खदान क्षेत्र में गहरी खुदाई के बावजूद न तो पर्याप्त घेराबंदी की गई है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इसके चलते आए दिन मवेशी और जंगली जानवर खदान में गिरकर घायल हो रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद प्रबंधन और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि खदान की बढ़ती गहराई अब खतरे का कारण बनती जा रही है। लोगों का सवाल है कि क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जिम्मेदार जागेंगे?
वहीं, स्थानीय निवासी एवं समाजसेवी तेज बहादुर सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि खनन के चलते आसपास के नलकूपों का जलस्तर तेजी से गिर रहा है। कई स्थानों पर पानी सूखने की स्थिति बन गई है, जिससे आने वाले समय में गंभीर जल संकट खड़ा हो सकता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शासन के निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। इसके पीछे अधिकारियों और कंपनी के बीच कथित मिलीभगत की भी चर्चा है।
हैरानी की बात यह है कि कई बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
अब क्षेत्रीय लोगों ने मांग की है कि खदान की तत्काल जांच कराई जाए, सुरक्षा घेराबंदी सुनिश्चित की जाए और जल संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे को समय रहते रोका जा सके।