भविष्य के जल संकट से बचने अभी से करना होगा प्रयास- विधायक विश्वामित्र पाठक

0 242

सीधी 19 मार्च 2026
मध्यप्रदेश शासन द्वारा जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवन एवं भू-जल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान” का शुभारंभ 19 मार्च 2026 से प्रदेश के सभी जिलों में किया गया। इसी क्रम में जिला सीधी के विकासखंड सिहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत लौआ में खंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस दौरान देवी मंदिर परिसर की साफ-सफाई की गई तथा तालाब में श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी कार्यक्रम की विशेषता रही।

विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक ने अपने संबोधन में बताया कि यह अभियान गुड़ी पड़वा के पावन पर्व से प्रारंभ होकर गंगा दशमी तक निरंतर संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को संचित करना समय की आवश्यकता है, जिससे भविष्य में संभावित जल संकट से बचा जा सके। साथ ही उन्होंने देवी मंदिर स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण कराए जाने की बात भी कही।

जनपद पंचायत सिहावल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रश्मि पांडेय ने जनसहभागिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई एवं जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाना आवश्यक है। उन्होंने सभी से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अजय द्विवेदी ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए जानकारी दी कि 1 अप्रैल से मनरेगा योजना को “जीवंत ग्राम जीवंत जल योजना” के रूप में संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत प्रति जॉब कार्डधारी परिवार को 125 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 से प्रारंभ यह अभियान अपने पूर्व चरणों में सफल रहा है और वर्ष 2026 में इसका तृतीय चरण प्रारंभ किया गया है।

कार्यक्रम में टीआई बहरी, बीपीओ कामता तिवारी, सीडीपीओ अनुसुइया बाजपेई, बीसी अरुण पाठक, सरपंच पंचराज वर्मा, एनआरएलएम से राहुल शुक्ला, विनोद कुशवाहा, पीएचई के बीसी सुमित पांडे, जन अभियान परिषद के प्रतिनिधि, उपयंत्री सूरज सिंह किरार सहित सरपंच, सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अंत में सभी उपस्थितजनों ने जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए बूंद-बूंद जल के संचय और संरक्षण का संदेश दिया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment