सीधी में जल गंगा संवर्धन अभियान का भव्य शुभारंभ, विधायक रीती पाठक ने किया श्रमदान

“हर घर से शुरू हो जल बचाने का संकल्प” — विधायक रीती पाठक
सीधी, 19 मार्च 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के तृतीय चरण का जिला स्तरीय शुभारंभ जनपद पंचायत सीधी के ग्राम बम्हनी स्थित देवनाढ़ नदी तट पर भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः शिव मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद पारंपरिक कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, महिलाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात देवनाढ़ नदी के जीर्णोद्धार एवं सफाई कार्य के लिए विधिवत भूमिपूजन किया गया और श्रमदान के माध्यम से अभियान की शुरुआत की गई।
विधायक श्रीमती रीती पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि जल प्रकृति की सबसे अनमोल धरोहर है और “जल है तभी जीवन है”। उन्होंने जल संरक्षण को जन-जन का अभियान बताते हुए प्रत्येक नागरिक से जल के सदुपयोग और संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल बचाने की शुरुआत घर से ही होनी चाहिए।
जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार ने कहा कि यह अभियान जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने जानकारी दी कि अभियान के तहत जिले में नदियों, तालाबों और कुओं के संरक्षण, गहरीकरण और पुनर्जीवन के कार्य व्यापक स्तर पर किए जाएंगे, जिससे जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, सरपंच आकृति तिवारी, जनपद सीईओ चंदूलाल पनिका, समाजसेवी विश्वबंधु धर द्विवेदी, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।