नए शैक्षणिक सत्र की तैयारी को लेकर प्राचार्यों की बैठक, 31 मार्च तक शत-प्रतिशत प्रवेश के निर्देश

सीधी, 15 मार्च 2026।
नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर जिला उत्कृष्ट विद्यालय सीधी में जिले के समस्त हाई स्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह ने की।
बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र, जो 01 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो रहा है, उसके संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिए कि 01 अप्रैल को सभी विद्यालयों में प्रवेशोत्सव आयोजित किया जाए तथा 02 अप्रैल को एसएमडीसी की बैठक आयोजित की जाए। इसके साथ ही सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने के लिए जिला, विकासखंड एवं स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने, शिक्षकों द्वारा अभिभावकों से संपर्क स्थापित करने तथा शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विद्यालयों की साज-सज्जा, शिक्षकीय स्टाफ की बैठक, पाठ्यपुस्तकों का वितरण, विद्यार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा परिणाम का विश्लेषण, शैक्षणिक कैलेंडर का क्रियान्वयन, ब्रिज कोर्स का संचालन, सीसीएलई गतिविधियां, विद्यालय समय-सारणी तथा अन्य अकादमिक गतिविधियों के आयोजन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्राचार्य चार्टर के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह ने सभी प्राचार्यों को निर्देशित करते हुए कहा कि 23 मार्च को कक्षा 9वीं एवं 11वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया जाए तथा 31 मार्च तक शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एडीपीसी ओशो उत्सव ने समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत प्राप्त राशि का शीघ्र व्यय करने, कक्षा 9वीं एवं 11वीं का मूल्यांकन 18 मार्च तक पूर्ण करने तथा 23 मार्च को परीक्षा परिणाम घोषित करने के निर्देश दिए।
एपीसी रमसा डॉ. सुजीत कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशानुसार जिले में “मेरी शाला-बेस्ट शाला” अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल, क्रियाशील शौचालय, लैब, लाइब्रेरी, व्यावसायिक शिक्षा तथा बेहतर अकादमिक वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
बैठक में एडीपीसी ओशो उत्सव, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य एस.एन. त्रिपाठी, एपीसी रमसा डॉ. सुजीत कुमार मिश्रा, उत्कृष्ट विद्यालय के विजय सिंह चौहान सहित जिले के समस्त हाई स्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।