24 लाख का परकुलेशन टैंक बना ‘टाइम बम’, घटिया निर्माण से ग्रामीणों में दहशत

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
अमरपुर। जनपद पंचायत अमरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत खैरदा में लगभग 24.12 लाख रुपये की लागत से हरगड़ी नाला पर बनाए गए परकुलेशन टैंक को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने सरपंच, सचिव, ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर मिलीभगत कर घटिया निर्माण कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि टैंक की गुणवत्ता इतनी खराब है कि यह अब ग्रामीणों के लिए खतरा बन गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक पिछली बरसात में यह परकुलेशन टैंक पूरी तरह फूटकर बह गया था। इसके बाद उसी स्थान पर दोबारा निर्माण कराया गया, लेकिन पुनर्निर्माण के दौरान भी गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। आरोप है कि निर्माण में काली मिट्टी का उपयोग नहीं किया गया और न ही रोलर जैसी मशीनों से मिट्टी को दबाया गया, जिससे संरचना मजबूत बन सके।
मुर्रम डालकर तैयार कर दी नींव
ग्रामीणों का कहना है कि टैंक की नींव को मजबूत बनाने के बजाय केवल मुर्रम डालकर काम पूरा कर दिया गया। इसके अलावा टैंक की सुरक्षा के लिए की जाने वाली पत्थरों की पिचिंग भी अधूरी छोड़ दी गई, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बारिश में फिर फूटने की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए आने वाली बरसात में परकुलेशन टैंक के दोबारा फूटने का खतरा बना हुआ है। यदि ऐसा हुआ तो न केवल सरकारी राशि की बर्बादी होगी, बल्कि आसपास रहने वाले ग्रामीणों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा हो सकता है।
जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की जांच नहीं की गई तो यह मामला भी अन्य योजनाओं की तरह फाइलों में ही दबकर रह जाएगा।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई करता है, या फिर यह मामला भी कागजों में ही सिमट कर रह जाएगा।