कलेक्टर की पहल लाई रंग — उत्कृष्ट विद्यालय में फ्री NEET-JEE कोचिंग, बड़ी संख्या में पहुंचे विद्यार्थी

उत्कृष्ट विद्यालय सीधी में NEET-JEE की निःशुल्क कोचिंग शुरू, विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान
सीधी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सीधी में NEET एवं JEE की निःशुल्क कोचिंग कक्षाएं 10 मार्च 2026 से प्रारंभ कर दी गई हैं। इस पहल का उद्देश्य जिले के मेधावी और इच्छुक विद्यार्थियों को मेडिकल एवं इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें।
यह व्यवस्था रीवा संभाग के आयुक्त बी.एस. जामोद के निर्देशन तथा कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग नीरव दीक्षित के आदेशानुसार और जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में कोचिंग कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिल रहा है।
कोचिंग कार्यक्रम के नोडल अधिकारी शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सीधी के प्राचार्य शम्भूनाथ त्रिपाठी को बनाया गया है, जबकि विषय विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को नियमित मार्गदर्शन दिया जा रहा है। कार्यक्रम की सतत मॉनिटरिंग एडीपीसी ओशो उत्सव तथा एपीसी रमसा डॉ. सुजीत कुमार मिश्र द्वारा की जा रही है। विद्यार्थियों में कोचिंग के प्रति खासा उत्साह देखा जा रहा है और वे नियमित रूप से कक्षाओं में भाग लेकर इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।
प्राइड कदम हिंदी समाचार / प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी (मध्य प्रदेश)