सीधी पुलिस का बड़ा एक्शन: एक ही रात में 65 वारंटी गिरफ्तार, बदमाशों में मचा हड़कंप

0 369

 

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में चला विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान, गुंडा-बदमाशों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश

सीधी।

जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों में भय पैदा करने के उद्देश्य से सीधी पुलिस ने बीती रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन में पूरे जिले में एक साथ चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 65 वारंटियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं जिले के सभी अनुभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारियों ने अपनी टीम के साथ शहरी क्षेत्रों से लेकर दुर्गम ग्रामीण इलाकों तक एक साथ दबिश दी। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से अपराधियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

17 स्थायी और 48 गिरफ्तारी वारंटी गिरफ्तार

अभियान के दौरान पुलिस ने 17 स्थायी वारंटी और 48 गिरफ्तारी वारंटी को पकड़ने में सफलता हासिल की। ये सभी आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर थे और वारंट लंबित चल रहे थे।

गुंडा और निगरानी बदमाशों की हुई जांच

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 55 गुंडा बदमाशों और 31 निगरानी बदमाशों के ठिकानों पर भी औचक दबिश दी। उनकी गतिविधियों की जांच करते हुए सख्त चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग

अभियान के तहत पुलिस ने बस स्टैंड, होटल और अन्य सार्वजनिक स्थानों की तलाशी ली। साथ ही संदिग्ध वाहनों की कड़ाई से चेकिंग भी की गई, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

आमजन को दिलाया सुरक्षा का भरोसा

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रिहायशी इलाकों में फुट पेट्रोलिंग भी की और आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस की इस सक्रियता से जहां आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है, वहीं अपराधियों में डर का माहौल बन गया है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि सीधी जिला पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment