सीधी पुलिस की बड़ी सफलता: अपहरणकर्ता के चंगुल से नाबालिग बालिका सुरक्षित बरामद, आरोपी गिरफ्तार

0 469

जमोड़ी पुलिस की घेराबंदी से नाकाम हुई आरोपी की योजना, गुजरात ले जाने की फिराक में था युवक

सीधी।

महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध सीधी पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है। थाना जमोड़ी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपहरणकर्ता के चंगुल से एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित मुक्त कराया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, थाना जमोड़ी क्षेत्र की एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को एक युवक शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी।

पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी बालिका को जिले से बाहर गुजरात ले जाने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस ने खुफिया सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी और घेराबंदी तेज कर दी।

इसी दौरान नया बस स्टैंड सीधी के पास संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी बालिका को लेकर राज्य से बाहर भागने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसकी योजना विफल हो गई।

पुलिस ने नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया है और उसे परिजनों के सुपुर्द करने की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका:

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, उप निरीक्षक वर्षा यादव, प्रधान आरक्षक सुनील बागरी और आरक्षक अंकित सिंह का विशेष योगदान रहा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment