सिंगरौली में मजदूर की मौत से भड़का गुस्सा, पावर प्लांट रणक्षेत्र में तब्दील — पत्थरबाजी, तोड़फोड़, पुलिस वाहन फूंका

🚨 BREAKING NEWS | PRIDE INDIA NEWS
📍 Singrauli
सिंगरौली जिले के बंधौरा स्थित पावर प्लांट में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक मजदूर की अचानक मौत के बाद गुस्साए लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। झारखंड के गढ़वा निवासी मजदूर लल्लन सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है, लेकिन घटना के बाद साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई।
मजदूर की मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग पावर प्लांट परिसर के बाहर जमा हो गए और जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि कुछ लोगों ने पथराव और जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब गुस्साई भीड़ ने मौके पर मौजूद पुलिस की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में करने के लिए मोर्चा संभाला। कई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने भीड़ को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
फिलहाल पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए है। प्रशासन का कहना है कि मजदूर की मौत के वास्तविक कारणों की गहन जांच कराई जा रही है, वहीं उपद्रव और तोड़फोड़ करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
⚠️ घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर है।