बच्चा चोरी की अफवाह निकली झूठी, कंटेनर से बच्चों के अपहरण की खबर भ्रामक

सीधी, 09 मार्च 2026।
थाना सेमरिया क्षेत्र में नेशनल हाईवे-39 पर कंटेनर द्वारा बच्चों के अपहरण की सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरों का पुलिस ने खंडन किया है। पुलिस जांच में यह खबर पूरी तरह निराधार और भ्रामक पाई गई है।
पुलिस के अनुसार 9 मार्च को दोपहर करीब 1 बजे सूचना मिली थी कि ग्राम बढौरा के पास ग्रामीणों ने एक कंटेनर को रोक रखा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जनाक्रोश को देखते हुए कंटेनर क्रमांक UP-78 JN 5957 और उसमें सवार दो व्यक्तियों हरपाल सिंह एवं रविन्दर सिंह (निवासी जम्मू) को सुरक्षा की दृष्टि से थाना सेमरिया लाया।
पुलिस द्वारा कंटेनर की सघन तलाशी ली गई, जिसमें ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर (जैविक खाद) के 368 डिब्बे लोड पाए गए। यह खाद पठानकोट (पंजाब) से रांची (झारखंड) ले जाई जा रही थी। जांच के दौरान वाहन में किसी भी प्रकार का बच्चा नहीं पाया गया।
पूछताछ में चालक हरपाल सिंह ने बताया कि उसकी बेटी तनमीत कौर का जन्मदिन 7 मार्च को था। उसी खुशी में उसने स्कूल से लौट रहे 10-12 बच्चों को टॉफी खाने के लिए 100 रुपये देने की कोशिश की थी। बच्चों द्वारा पैसे न लेने और वहां से चले जाने के बाद ग्रामीणों में गलतफहमी फैल गई और भीड़ इकट्ठा हो गई।
पुलिस ने चालक के परिजनों से संपर्क कर जन्मदिन की बात की पुष्टि की है। साथ ही वाहन मालिक ने भी बताया कि उनका ट्रक नियमित रूप से इसी मार्ग से जैविक खाद लेकर झारखंड जाता है।
पुलिस की अपील
सेमरिया पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक वीडियो या संदेशों पर विश्वास न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून हाथ में लेने से बचें।