सीधी में विश्वविद्यालय की मांग तेज: छात्र दल राज्यपाल को सौंपेगा मांग पत्र

सीधी। जिले में विश्वविद्यालय स्थापना की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। पिछले पांच वर्षों से छात्र-छात्राएं लगातार विश्वविद्यालय खोले जाने की मांग कर रहे हैं। इसी क्रम में सीधी दौरे पर आए महामहिम राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल को छात्र प्रतिनिधि मंडल द्वारा मांग पत्र सौंपकर जिले में विश्वविद्यालय स्थापना का अनुरोध किया जाएगा।
छात्र नेता इन्द्रलाल पटेल ने कहा कि सीधी एक आदिवासी बाहुल्य जिला है, जहां उच्च शिक्षा के पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। जिले में विश्वविद्यालय का न होना अत्यंत चिंतनीय है। छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य जिलों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और शैक्षणिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल 25 एवं 26 फरवरी को दो दिवसीय भ्रमण पर सीधी जिले में हैं। 26 फरवरी को प्रातः 10:30 बजे ग्राम परसिली में आयोजित कार्यक्रम में वे विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद करेंगे। इसी दौरान छात्र प्रतिनिधि मंडल विश्वविद्यालय स्थापना की मांग को लेकर अपना ज्ञापन सौंपेगा।