मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज डॉ. राजेश मिश्र (सीधी सांसद) ने प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह से सौजन्य भेंट की।

सीधी लोकसभा क्षेत्र के विकास को गति: सांसद डॉ. राजेश मिश्र ने मंत्री राकेश सिंह से की सौजन्य भेंट
इस दौरान सांसद डॉ. राजेश मिश्र ने मध्यप्रदेश बजट 2026–27 में सीधी लोकसभा क्षेत्र की प्रस्तावित 88 सड़कों को स्वीकृति मिलने पर मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और ग्रामीण-शहरी विकास को नई गति मिलेगी।
भेंट के दौरान सांसद ने क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मंत्री से विस्तृत चर्चा की। इसमें सड़क अधोसंरचना के साथ-साथ जनहित से जुड़े अन्य कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ।
सांसद डॉ. राजेश मिश्र ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से सीधी लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रस्तावित सड़कों की स्वीकृति से दूरस्थ गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान बनेगी।
वहीं लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह ने आश्वस्त किया कि सरकार क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय स्तर पर खुशी का माहौल
88 सड़कों की स्वीकृति की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों में खुशी का माहौल है। लोगों का मानना है कि इससे क्षेत्रीय विकास को बड़ा लाभ मिलेगा और लंबे समय से लंबित सड़क समस्याओं का समाधान होगा।