आरसेटी द्वारा बजाग ब्लॉक के विक्रमपुर ग्राम पंचायत में सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी प्रबंधन प्रशिक्षण बैच सम्पन्न

रिपोर्टर-सोहन श्याम बजाग डिंडौरी
बजाग,डिंडौरी-ग्रामीण स्वरोजगार को बढ़ावा देने कृषकों की आय में वृद्धि तथा वित्तीय सशक्तिकरण के उद्देश्य से RSETI द्वारा बजाग विकासखंड के विक्रमपुर ग्राम पंचायत में “सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी प्रबंधन विषय पर आयोजित प्रशिक्षण बैच सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को उन्नत सब्जी उत्पादन तकनीक, बीज चयन एवं उपचार, पौध तैयार करने की वैज्ञानिक विधि नर्सरी प्रबंधन कीट एवं रोग नियंत्रण जैविक खाद निर्माण] सिंचाई प्रबंधन तथा विपणन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना तथा आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता पखवाड़ा के तहत विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं बैंकिंग सेवाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता के महत्व से अवगत कराते हुए बचत की आदत, बैंक खाता संचालन डिजिटल लेन-देन बीमा पेंशन एवं ऋण सुविधाओं की उपयोगिता पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
सामाजिक सुरक्षा एवं स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना अटल पेंशन योजना] प्रधानमंत्री मुद्रा ऋण योजना तथा भगवान बिरसा मुंडा योजना सहित इत्यादि अन्य योजनाओं की पात्रता] लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया समझाई गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि इन योजनाओं का लाभ लेकर वे अपने व्यवसाय को सुरक्षित एवं सुदृढ़ बना सकते हैं।
कार्यक्रम में आरसेटी निदेशक श्री एस. एस. समद ने कहा कि सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी प्रबंधन स्वरोजगार का सशक्त माध्यम है, तथा वित्तीय साक्षरता से जुड़कर ग्रामीण युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को सीखी गई तकनीकों को व्यवहार में लाने एवं शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर परीक्षक श्री राज कुमार नामदेव एवं श्री हृदय लाल तिवारी एनआरएलएम विकासखंड प्रबंधक श्री नरेंद्र कुमार पांडेय फैकल्टी कु. दीपिका सिंगौर एवं श्री ओम जी मिश्रा की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को ग्रामीण आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा स्वरोजगार स्थापना हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्राम पंचायत एवं ग्रामीण आजीविका मिशन का विशेष सहयोग रहा।