केंद्रीय बजट किसान, महिला, युवा और व्यापारियों के लिए कल्याणकारी : कुंवर सिंह टेकाम

0 7,706

सीधी।धौहनी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट किसान, महिला, युवा एवं व्यापारियों के लिए हितकारी और कल्याणकारी है। एमएसएमई और स्टार्टअप के माध्यम से यह बजट नौकर नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले उद्यमी तैयार करने का संकल्प करता है। इस बजट के तहत प्रत्येक प्रदेश को लगभग 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक तथा प्रत्येक जिले को औसतन 6,635 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त होगी, जिससे प्रदेश और जिले सशक्त एवं समृद्ध बनेंगे।
यह बात धौहनी विधानसभा के वरिष्ठ विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने भाजपा कार्यालय में आयोजित केंद्रीय बजट पर व्यापारी संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने की, जबकि सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
विधायक टेकाम ने कहा कि जहां पूरी दुनिया आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रही है, वहीं भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ते हुए विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में व्यापारियों के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। टैक्स स्लैब, आयकर और जीएसटी में पहले से दी गई राहत को यथावत रखा गया है, जिससे व्यापारियों में उत्साह है।
बजट में सभी वर्गों का हित और विकास : देव कुमार
भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि प्रस्तुत बजट में सभी वर्गों के विकास को प्राथमिकता दी गई है। किसानों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से और युवाओं को स्टार्टअप के जरिए आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह बजट महत्वपूर्ण है।
2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने वाला बजट : रीती पाठक
सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि यह बजट वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन के साथ प्रस्तुत किया गया है। बजट में सभी वर्गों के सशक्तिकरण की स्पष्ट झलक दिखाई देती है।
कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों ने बजट को व्यापारी-हितैषी बताते हुए इसका स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं जिले के सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment