अवैध खनन पर प्रशासन का सख्त प्रहार, संयुक्त दल ने कई वाहन किए जब्त

सीधी | 07 फरवरी 2026
जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में खनिज-राजस्व का संयुक्त दल सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रहा है।
उपखण्ड मजिस्ट्रेट गोपदबनास राकेश शुक्ला एवं जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में तहसीलदार राकेश शुक्ला तथा प्रभारी खनि निरीक्षक शिशिर यादव के नेतृत्व में 07 फरवरी 2026 को ग्राम बंजारी में मुरूम के अवैध उत्खनन में संलिप्त एक एक्सकैवेटर मशीन एवं हाइवा वाहन को जब्त किया गया।
इसी दौरान ग्राम पड़रा में बिना नंबर के टाटा 407 वाहन को अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जिसे थाना प्रभारी जमोड़ी की अभिरक्षा में सौंपा गया। वहीं, मुरूम एवं पत्थर के अवैध उत्खनन में संलिप्त एक बिना नंबर ट्रैक्टर को भी जब्त कर यातायात थाना प्रभारी के सुपुर्द किया गया।
प्रशासन द्वारा संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश अवैध खनिज नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही बिना नंबर वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को पत्र भेजा गया है।
कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी द्वारा जिला टास्क फोर्स की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है तथा जिले में अवैध खनन पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।