स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रभावी समीक्षा, लक्ष्य प्राप्ति पर एसडीएम ने दिया विशेष जोर

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ पांढुर्णा
पांढुर्णा | 07 फरवरी 2026
आज हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर घोघरीखापा में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री सिद्धार्थ पटेल ने सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की बिंदुवार प्रगति जांची। एसडीएम ने बैठक के दौरान गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, उनकी चार अनिवार्य जांचों, ब्लड प्रेशर मैनेजमेंट, असंचारी रोग कार्यक्रम और टीबी कार्यक्रम की मौजूदा स्थिति का विस्तार से अवलोकन किया।
बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश आर. शुक्ला ने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का प्रस्तुतीकरण दिया और उनकी उपलब्धियों के साथ-साथ आने वाली चुनौतियों से अवगत कराया। इस अवसर पर विकासखंड सौसर के समस्त कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO), आशा सुपरवाइजर और सेक्टर की आशा कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
समीक्षा के दौरान एसडीएम श्री पटेल ने उन उपस्वास्थ्य केंद्रों के कर्मचारियों से कम उपलब्धि का कारण पूछा जिनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं था। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि आगामी बैठक तक सभी स्वास्थ्य इंडिकेटर में सुधार लाया जाए और लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए। इस बैठक में बीईई रवि प्रसाद तुमडाम, बीपीएम नवनीत बोरकर, बीसीएम श्रीराम अहिरवार, एमटीएस श्याम शर्मा और एसटीएस सुरेश सोमकुमर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।