फर्जी आईडी बनाकर किशोरी की फोटो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
सीधी/जिला पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में सीधी पुलिस ने साइबर अपराध के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल की है। जनसुनवाई में प्राप्त एक गंभीर एवं संवेदनशील शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने किशोरी के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर उसकी फोटो वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जनसुनवाई में सामने आया मामला
हाल ही में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक किशोरी ने पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके नाम व फोटो का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाई गई है। आरोपी द्वारा उसकी फोटो को आपत्तिजनक तरीके से वायरल किया जा रहा था, जिससे पीड़िता और उसका परिवार गंभीर मानसिक तनाव में था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में कोतवाली पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की।
साइबर सेल की मदद से आरोपी गिरफ्तार
डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर पुलिस टीम ने कड़ी घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसके विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
मोबाइल और डिजिटल साक्ष्य जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन एवं अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
सीधी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराध की किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।