ग्राम पंचायत रजमीलान में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न

सिंगरौली। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला सिंगरौली के निर्देशन एवं जिला समन्वयक के मार्गदर्शन में विकासखण्ड बैढ़न अंतर्गत नवांकुर संस्था हेल्प फाउंडेशन (सेक्टर कर्सुआराजा) द्वारा ग्राम पंचायत रजमीलान में नशा मुक्ति अभियान समाधान बैठक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था प्रमुख रजनीश धर द्विवेदी ने बताया कि नशा समाज के लिए एक गंभीर समस्या बन चुका है, जिससे युवा पीढ़ी विशेष रूप से प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि नशे से व्यक्ति का शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन बुरी तरह प्रभावित होता है। इस अवसर पर ग्रामीणों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी देकर नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
नवांकुर संस्था की कार्यक्रम समन्वयक सिया वैश्य ने वरिष्ठजनों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “नशा नाश की जड़ है।” नशे की लत से युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकारमय हो जाता है और व्यक्ति व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक एवं आर्थिक पतन की ओर अग्रसर हो जाता है, जिसका प्रभाव देश की प्रगति पर भी पड़ता है।
वहीं कार्यक्रम में उपस्थित परामर्शदाता सविता शाह ने नशा मुक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित ग्रामीणों को नशे से दूर रहने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, वरिष्ठ नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग का संकल्प लिया।