Breaking News

कानून का डंडा चला — रेत के अवैध खेल पर संयुक्त छापे, कई वाहन-मशीनरी सीज

0 308

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी : रिपोर्ट शाहिद खान

 

जिला टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई – रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन व भंडारण पर संयुक्त छापे, कई वाहन व मशीनरी जब्त

 

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी द्वारा जिला टास्क फोर्स बैठक में दिए गए निर्देशों के परिपालन में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, वनमण्डलाधिकारी प्रीति अहिरवार के निर्देशन तथा उपखण्ड मजिस्ट्रेट सिहावल प्रिया पाठक, उपखण्ड मजिस्ट्रेट कुसमी विकाश कुमार आनंद, उपखण्ड मजिस्ट्रेट चुरहट शैलेश द्विवेदी एवं जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में विभिन्न संयुक्त जांच दल सक्रिय होकर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच हेतु रवाना हुए। दलों द्वारा अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की गई।

 

प्रभारी खनि निरीक्षक देवेंद्र महोबे के नेतृत्व में सायं लगभग 6 बजे ग्राम शंकरपुर, तहसील कुसमी में रेत के अवैध भंडारण की शिकायत पर निरीक्षण किया गया। जांच में खसरा क्रमांक 61/2, 65 एवं 15 में अवैध रेत भंडारित पाया गया। मौके पर प्राप्त जानकारी अनुसार गोपद नदी के शंकरपुर घाट से ट्रैक्टर-ट्रॉली द्वारा अवैध उत्खनन कर रेत लाकर यहां भंडारण किया जाता था तथा रात्रि में जेसीबी से हाईवा में लोड कर विक्रय किया जाता था। प्रकरण में मध्यप्रदेश अवैध उत्खनन, भंडारण तथा परिवहन नियम-2022 के तहत कार्रवाई की गई।

 

इसी प्रकार रात्रि लगभग 11:30 बजे तहसीलदार बहरी इंद्रभान सिंह एवं प्रभारी खनि निरीक्षक शिशिर यादव व देवेंद्र महोबे के नेतृत्व में ग्राम नकझर, तहसील बहरी स्थित सोन नदी घड़ियाल अभ्यारण्य क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की गई। इसमें 03 हाईवा (MP53HA2315, MP53HA2254, UP64CT2083) तथा 01 पोकलेन मशीन (PIN–PUNJS14CC01782587) अवैध उत्खनन/परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर जब्त कर थाना बहरी में सुरक्षार्थ खड़ी कराई गई। संबंधित मालिकों के विरुद्ध खनिज एवं वन अधिनियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

 

उपखण्ड मजिस्ट्रेट कुसमी विकास कुमार आनंद के नेतृत्व में राजस्व दल द्वारा ग्राम गोतरा, तहसील कुसमी से अवैध परिवहन करते पाए गए 02 ओवरलोडेड हाईवा (MP17ZE2737 एवं MP17ZG9208) जब्त कर टिकरी चौकी (मड़वास थाना) में खड़े कराए गए। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज किया गया।

 

उपवनमण्डल अधिकारी संदीप गौतम के नेतृत्व में रेंज ऑफिसर सतीश चंद्र मिश्रा द्वारा ग्राम चमराडोल एवं खड़ौरा क्षेत्र में जांच के दौरान अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 02 ट्रैक्टर जब्त कर वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।

 

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर द्वारा पूरी रात्रि चारों दलों से सतत संपर्क बनाए रखते हुए मार्गदर्शन दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ आधा दर्जन से अधिक वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की गई। सभी जब्त वाहनों के चालक, मालिक एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम-2022, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972, भारतीय वन अधिनियम-1927, मोटर व्हीकल अधिनियम-1988 एवं भारतीय न्याय संहिता-2023 के तहत प्रकरण दर्ज कर दण्डात्मक कार्रवाई हेतु कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

 

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध आगे भी सख्त एवं सतत कार्रवाई जारी रहेगी। उक्त कार्रवाई में नंदी लाल रावत, शिव शंकर सिंह चौहान, तेज बहादुर सिंह चौहान, अनिल पाठक, अश्वनी तिवारी एवं शंकर दयाल यादव की सराहनीय भूमिका रही।

 

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment